मंगलवार, 28 अगस्त 2018

[वैश्विक हिंदी सम्मेलन ] जावेद अख्तर जी ने गढ़े मुर्दे उखाड़ने का प्रयास किया है - प्रो. कृष्ण कुमार गोस्वामी


Latest LOGO.jpg



प्रिय डॉ. गुप्ता जी,
   आपने सही कहा है जावेद अख्तर जी ने गढ़े मुर्दे उखाड़ने का प्रयास किया है। स्वतंत्रता-प्राप्ति के दौरान संविधान समिति में संविधान-निर्माताओं के बीच हिन्दी और हिंदुस्तानी के पक्ष और विपक्ष में बहुत ही लंबी बहस हुई थी और हिन्दी तथा हिंदुस्तानी के बीच मतदान भी हुआ था। अंतत: 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिन्दी को राजभाषा का दर्जा दे दिया था। फिर क्यों जावेद अख्तर जी इस संवैधानिक मुद्दे को उठा रहे हैं। यह देखा गया है कि सिनेमा जगत से जुड़े लोग सुर्खियों में रहने के लिए कोई-न-कोई विवादास्पद मुद्दा उठा देते हैं और हम लोग उन पर विचार करना शुरू कर देते हैं।
   आज़ादी की लड़ाई के दौरान हिन्दी और उर्दू का मामला भी उठा था, बाद में राजनैतिक कारणो से हिंदुस्तानी शब्द की चर्चा होने लगी। वास्तव में उर्दू भाषा का प्रयोग सर्वप्रथम 18वीं शताब्दी में मुहम्मद शाह रँगीले के समय से माना जाता है। 18वीं शताब्दी से पहले तो उर्दू का नाम ही नहीं मिलता जबकि मुसलमान भारत में छठी-सातवीं शताब्दी से आने लगे थे। 13वीं शताब्दी में अमीर खुसरो अपने को हिंदुस्तानी तुर्क मानते हुए हिन्दी या हिंदवी को हिंदुस्तान की भाषा मानते थे। 1347 ई में बहमनी शाह के समय हिन्दी का प्रयोग मिलता है। 1 मुहम्मद बाकर आगाह (1743-1805) और सैयद इंशा की  दरियाए लताफ़त (1808) के अनुसार उर्दू शब्द का प्राचीनतम प्रयोग मसहफी की रचना में (18वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध) में मिलता है। उस समय अरबी-फारसी मिश्रित हिंदी को उर्दू नहीं पुड़दूँ कहा जाता था। बाद में हिन्दी और संस्कृत के प्रभाव से उर्दू शब्दों का हिंदीकरण होने लगा। फारसी में जंगल के बहुवचन जंगलात, सुल्तान के बहुवचन सलातींन, मुल्क के बहुवचन ममालिक और ज़िला के बहुवचन अज़ला होते हैं जिनका उर्दू में क्रमश: जंगलों, सुल्तानों, मुल्कों और जिलों के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा। उर्दू कोई अलग भाषा नहीं है बल्कि अरबी-फारसी लिपि में लिखी जाने वाली खड़ीबोली हिन्दी का ही एक रूप है। वास्तव में लखनऊ में मतरुकात (अलगाववादी) सिद्धांत के अनुसार हिन्दी में अरबी-फारसी के शब्द रखे जाने लगे। उर्दू पहले शाही घरानों और दरबारों की भाषा थी, किंतु आज़ादी के समय जन-सामान्य में प्रयुक्त होने लगी। इस लिए हिन्दी और उर्दू के अलग-अलग भाषा होने के पीछे यही मतरुकात या अलगाववादी सिद्धांत है। मैं एक घटना का यहा ज़िक्र कर रहा हूँ। 1975 में पंजाब के पटियाला में पंजाबी विश्वविद्यालय में एक अखिल भारतीय उर्दू सम्मेलन आयोजित हुआ था। उसमें मैंने जब हिन्दी और उर्दू की समानता बताते हुए और उर्दू को हिन्दी भाषा की एक शैली या रूप के प्रमाण देते हुए कहा था तो उस समय उर्दू के अनेक प्रोफेसर और विद्वान मुझ से नाराज़ हो गए थे। उस समय इस अधिवेशन की अध्यक्षता जामिया मिलिया इस्लामिया के वाइस चांसलर प्रो मसूद हुसैन खान कर रहे थे। वे भाषाविज्ञान और उर्दू के एक प्रतिष्ठित विद्वान भी थे। उन्होंने उस गरमागरम बहस को बंद कर अपने अध्यक्षीय भाषण में मेरे शोधपत्र का बचाव करते हुए कहा था कि भाषाविज्ञानी निष्पक्ष रूप से अध्ययन और विश्लेषण करता है। इस लिए शोधपत्र के वाचक गोस्वामी जी के निष्कर्ष सही हैं कि हिन्दी और उर्दू एक ही भाषा के दो रूप हैं। वास्तव में इस अलगाववादी सिद्धांत का लाभ उठाते हुए अंग्रेजों ने गहरी साजिश रची थी। फोर्ट विलियम कॉलेज के गिलक्राइस्ट ने हिंदुस्तानी के नाम से उर्दू की तीन शैलियाँ बताईं – (हाई कोर्ट की) फारसी शैली, (मुंशियों की) बीच की शैली और जन सामान्य की हिंदवी अर्थात गँवारू शैली। उन्होंने बीच की शैली हिंदुस्तानी को बढ़ावा देने पर बल दिया। इस लिए अरबी-फारसी मिश्रित उर्दू हिंदुस्तानी के रूप में ढलती गई। 1872 में एक विदेशी विद्वान डाउसन ने हिंदुस्तानी भाषा का जो व्याकरण लिखा, उसे उर्दू का पर्याय ही माना गया। एक अन्य ब्रिटिश विद्वान रिचर्ड टेंपल ने हिन्दी और उर्दू में कोई अंतर नहीं माना। 1869 में मद्रास के गवर्नर विलियम्स ने लिखा कि फोर्ट विलियम कॉलेज की देख-रेख में जो हिंदुस्तानी पनपी है, जिसे मुंशियों ने अपनाया है और जिसे मुसलमानी मदरसों में लड़कों ने सीखा है, वह हिंदुस्तान के किसी भी भाग में नहीं बोली जाती। 
       हम भाषाविज्ञानी हिन्दी की तीन मुख्य शैलियाँ मानते हैं – 1 संस्कृतनिष्ठ हिन्दी, 2 अरबी-फारसी मिश्रित हिन्दी (जिसे उर्दू कहते हैं) और सामान्य बोलचाल की हिन्दी (जिसे हिंदुस्तानी कहा जाता है)। एक चौथी शैली अंग्रेज़ी मिश्रित हिन्दी (अर्थात हिंगलिश) भी पनपी है। संरचना की दृष्टि से हिन्दी के इन सभी रूपों में पूरी-पूरी समानता मिलती है। प्रो. अशोक केलकर जैसे भाषाविज्ञानी ने हिन्दी और उर्दू के इस मिश्रित रूप को हिंदुस्तानी न क कर हिर्दू कहा है। जब किसी भाषा का व्यापक प्रयोग होता है तो उसके कई रूप जन्म लेते हैं। इसी प्रकार हिन्दी के भी कई अन्य रूप मिलते हैं, जैसे मुंबइया हिन्दी, कलकतीया हिन्दी, मद्रासी हिन्दी, पंजाबी हिन्दी, फ़िजी हिन्दी, मारीशसी हिन्दी, सूरीनामी हिन्दी। इसी प्रकार अंग्रेज़ी के भी कई रूप हैं-ब्रिटिश इंगलिश, अमेरिकन इंगलिश, आस्ट्रेलियन इंगलिश, इंडियन इंगलिश, बंगाली इंगलिश, मद्रासी इंगलिश आदि। मेरे निर्देशन में हैदराबादी हिन्दी, कोचीनी हिन्दी, इंडियन इंगलिश विषयों पर शोधकार्य हुए हैं।
      स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिन्दी-उर्दू की जो लड़ाई चली थी, वह भाषा की लड़ाई नहीं थी, बल्कि भाषायी अस्मिता की लड़ाई है थी। महात्मा गांधी ने इस बात को भाँप लिया था और उन्हें या आशंका थी कि इस विवाद से भारत के स्वतंत्रता-संग्राम में बाधा पड़ सकती है। इसलिए वे समय-समय पर अपनी बात कहते रहते थे। सन् 1909 में उन्होंने  ने हिन्दी,स्वराज और होमरूल लेख में लिखा था –‘’सारे हिन्दुस्तान के लिए तो हिंदी होनी ही चाहिए। उसे उर्दू या नागरी लिपि में लिखने की छूट रहनी चाहिए। ऐसा होने पर हम आपस के व्यवहार में से अंग्रेजी को निकाल बाहर कर सकेंगे।’’ उन्होंने हिंदी बनाम उर्दूहिंदी या हिन्दुस्तानीहिन्दुस्तानीहिंदी और उर्दू के बारे में ‘’हरिजन सेवक’’ के 17 जुलाई19373 जुलाई,193729 अक्तूबर, 1938 और 8 फरवरी1942 के अंकों में हिंदीउर्दू और हिंदुस्तानी के विवाद पर अपनी लेखनी चलाई थी और इसी समस्या पर वे अपने विचार प्रस्तुत करते रहे। उस समय एक वर्ग हिंदी का प्रबल समर्थक था और दूसरा वर्ग उर्दू का। इस विवाद से गांधी जी काफी आहत थे। उन्होंने दोनों वर्गों की गलतफहमी दूर करने के लिए कहा कि हिंदी, उर्दू और हिन्दुस्तानी शब्द उस एक ही ज़बान के सूचक हैंजिसे उत्तर भारत में हिन्दू-मुसलमान बोलते हैं, जो देवनागरी या अरबी-फ़ारसी लिपि में लिखी जाती हे। इस बारे में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदी देवनागरी लिपि में लिखी जाती है और उर्दू अरबी-फ़ारसी लिपि में लिखी जाती हैकिंतु इन दोनों     भाषा-रूपों का मौखिक रूप हिन्दुस्तानी है जिसे सभी वर्ग बोलते हैं। इसका अभिप्राय यह है कि हिंदुस्तानी कोई भाषा नहीं है। गांधी जी ने दोनों वर्गों के तुष्टीकरण के लिए राजनीतिक आधार का आश्रय लेते हुए हिन्दी-उर्दू के बोलने वाले रूप को हिंदुस्तानी नाम ही दे दिया। वास्तव में उस समय हिन्दू-मुस्लिम में अविश्वास और अलगाव की जो भावना पैदा हो रही थी उसे वे दूर करना चाहते थे। एक बात और, आज़ादी के बाद हिन्दी में पारिभाषिक शब्दावली के निर्माण में उस्मानिया विश्वविद्यालय ने सामान्य बोलचाल अर्थात हिंदुस्तानी भाषा के शब्द अपनाने या गढ़ने पर बल दिया था किंतु यह अनुभव किया गया कि इस प्रक्रिया में कोई सिद्धांत नहीं बन पा रहा। यह बात उर्दू वालों को खुश करने के लिए कही गई थी, किंतु पारिभाषिक शब्दावली के निर्माण मे आ रही कठिनाइयों को देखते हुए संस्कृत भाषा को आधार बनाना पड़ा जिसमें शब्द-निर्माण की उर्वरा शक्ति विद्यमान है। उर्दू ने शब्द-निर्माण में अरबी-फारसी के शब्दों  को अपनाया है, जैसे अंग्रेज़ी ने लेटिन और ग्रीक भाषाओं से शब्द लिए हैं।

   राजनीतिक तुष्टीकरण के कारण हिन्दी और उर्दू अलग-अलग भाषाओं के रूप में बंट कर अपनी-अपनी जगह काम में तो आ रही हैं, लेकिन हिंदुस्तानी का क्या हश्र हुआ। यह इस बात से स्पष्ट होता है कि 1971 की जनगणना के अनुसार हिंदुस्तानी बोलने वालों की संख्या मात्र ग्यारह हज़ार थी और 1991 की जनगणना की सूची में से दक्खिनी के साथ-साथ इसे भी हटा दिया गया। वस्तुत: हिन्दी जन-जन की भाषा है, हिंदुस्तानी नहीं। हिन्दी ने अपनी सार्वदेशिकता, सार्वभौमिकता,सर्वसमावेशिकता, व्यापकता, बहु-प्रयोजनीयता, सहजता और जीवंतता के कारण विश्व के मानचित्र में अपना स्थान बना लिया है। इसने संस्कृत, अरबी, फारसी, तुर्की, अंग्रेज़ी, भारतीय भाषाओं आदि अनेक भाषाओं के शब्दों को अपना कर सर्वसमावेशी रूप धार्म कर लिया है।    इस लिए अब समय आ गया है कि हिन्दी को केवल राजभाषा तक सीमित न रख उसे राष्ट्रभाषा के पद पर गौरवान्वित किया जाना चाहिए। हिंदुस्तानी भाषा के बारे में सोचना यथार्थ से परे जाना है और एक मिथ्या विवाद खड़ा करना है। दु:ख तो इस बात का है कि कुछ लोग ऐसे विवाद खड़े कर अपनी अहमियत दिखाने का प्रयास करते हैं। भाषा के अर्थात हिन्दी, उर्दू और हिंदुस्तानी के ऐतिहासिक संदर्भ को जाने बिना, हिन्दी और हिंदुस्तानी की वर्तमान स्थिति को पहचाने बिना तथा भाषायी विवादों से पैदा होने वाले परिणामों को समझे बिना ऐसे वक्तव्य देश, समाज और भाषा का अहित ही करते हैं। इस लिए ऐसे तथाकथित विद्वानों, साहित्यकारों, लेखकों और नेताओं को विषय की पूरी जानकारी लिए बिना  इस प्रकार की विवादास्पद बातें करने का कोई अधिकार नहीं है।

                                            प्रो. कृष्ण कुमार गोस्वामी
                                           kkgoswami1942@gmail.com 
0-9971553740 

लिंक पर क्लिक करें।

                                                    http://www.edurelation.com/currentaffairs1.php?id=4237


वैश्विक हिंदी सम्मेलन, मुंबई
वेबसाइट- वैश्विकहिंदी.भारत /  www.vhindi.in
-- 
वैश्विक हिंदी सम्मेलन की वैबसाइट -www.vhindi.in
'वैश्विक हिंदी सम्मेलन' फेसबुक समूह का पता-https://www.facebook.com/groups/mumbaihindisammelan/
संपर्क - vaishwikhindisammelan@gmail.com


प्रस्तुत कर्ता : संपत देवी मुरारका, विश्व वात्सल्य मंच
murarkasampatdevii@gmail.com  
लेखिका यात्रा विवरण
मीडिया प्रभारी
हैदराबाद
मो.: 09703982136

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें