मंगलवार, 5 जुलाई 2016

भारत सरकार मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट www.mhrd.gov.in पर प्रस्तुत नई शिक्षा नीति 2016 का मसौदा भाषा -संस्कृति संबंधी प्रावधान ( सदस्यों के विचारार्थ )


​
भारत सरकार मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट www.mhrd.gov.in पर प्रस्तुत 
नई शिक्षा नीति 2016 का मसौदा 
भाषा -संस्कृति संबंधी प्रावधान
( सदस्यों के विचारार्थ )


​

अपने सुझाव 'वैश्विक हिंदी सम्मेलन​' को  vaishwikhindisammelan@gmail.com पर भी नाम पते आदि सहित 
ई मेल करें ताकि सभी के ध्यानार्थ व विचारार्थ समूहों पर प्रस्तुत कर विचार-विमर्श किया जा सके और यथासमय
भारतीय -भाषा प्रेमियों/ समर्थकों द्वारा मंत्रालय को सुझाव भेजे या भिजवाए जा सकें।
भारतीय भाषाओं की संस्थाएँ,अकादमी, संगठन विशेष ध्यान दें। इस विषय पर परिचर्चा/ संगोष्ठी भी आयोजित की जा सकती हैं।
 प्राप्त सुझावों को वैश्विक हिंदी सम्मेलन के समूहों व वेबसाइट पर ई-संगोष्ठी के अंगर्गत विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा।
------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

​
भाषा संबंधी समाचार
1.नई शिक्षा नीति का मसौदा जारी

भारत सरकार ने नयी शिक्षा नीति 2016 का प्रारूप अंग्रेजी में जनता के सुझावों के लिए जारी कर दिया है ।
पहली कक्षा से अंग्रेजी अनिवार्य विषय।
राज्य चाहें तो मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा दे सकते हैं।
भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा पर कोई विचार नहीं किया गया है। 
३१ जुलाई अंतिम तिथि है सुझावों के लिए.।
नीति का मसौदा www.mhrd.gov.in पर उपलब्ध है ।

2. गोइन्का साहित्यिक पुरस्कार 2017 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित 

 कमला गोइन्का फाउण्डेशन के प्रबंध न्यासी श्री श्यामसुन्दर गोइन्का ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके वर्ष 2017 के लिए "बाबूलाल गोइन्का हिन्दी साहित्य पुरस्कार" एवं हिन्दीतर भाषी हिन्दी युवा लेखकों के लिए "प्रो. एन. नागप्पा युवा साहित्यकार पुरस्कार" (वय सीमा 35 वर्ष) तथा हिन्दी से तमिल व तमिल से हिन्दी अनुवाद के लिए घोषित "बालकृष्ण गोइऩ्का अनूदित साहित्य पुरस्कार" के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। 
श्री गोइन्का जी ने जानकारी दी है कि अहिन्दी भाषी साहित्यकार यानी जिनकी मातृभाषा दक्षिण भारतीय भाषाओं में जैसें कन्नड़, मलयालम, तेलुगु, तमिल, तुलु, उड़िया अथवा कोंकणी में जो हिन्दी में मूल रूप से लिख रहे हैं, इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। जो हिन्दी भाषी साहित्यकार अहिन्दी भाषी क्षेत्रों में 10 वर्षों या अधिक से हिन्दी साहित्य की सेवा कर रहे हैं, वे भी इन पुरस्कारों के हकदार होंगे। ऐसे हिन्दी किंवा अहिन्दी भाषी दोनों इन पुरस्कारों के लिए अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं। प्रविष्टियां मिलने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2016 है।
नियमावली एवं पु्रस्ताव-पत्र वेब साइट www.kgfmumbai.com का अवलेकन करें। अधिक जानकारी के लिए बैंगलोर दूरभाष: 080-32005502 (कमलेश) इ-डाक : kgf@gogoindia.com या साधारण पत्र द्वारा संपर्क किया जा सकता है।

3. "राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा" तथा "स्वतन्त्र जन समाचार" की ओर से  व्यंग्य-संध्या व 
राजेश विक्रांत कृत "बतरस" के बहाने व्यंग्य पर चर्चा ।

राजेश विक्रांत अच्छे व्यंग्यकार हैं। इसी वजह से हमने 2007 में इनका स्तम्भ बतरस शुरू किया था। यह ख़ुशी की बात है कि इसी नाम से इनकी पुस्तक भी आ गई है। मैंने पुस्तक पढ़ी है। इनमे दूसरा रवीन्द्रनाथ त्यागी बनने की सम्भावनाएँ मौजूद हैं। यह उदगार वरिष्ठ पत्रकार और भाजपा नेता प्रेम शुक्ल ने रविवार 26 जून  की शाम सांताक्रुज पूर्व के मौलाना आजाद हाल में आयोजित एक शाम व्यंग्य के नाम के प्रमुख अतिथि के रूप में व्यक्त किये। राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा तथा स्वतन्त्र जन समाचार ने राजेश विक्रांत के सद्य प्रकाशित व्यंग्य संग्रह बतरस पर चर्चा तथा व्यंग्य पाठ का आयोजन किया था। कार्यक्रम के अध्यक्ष कवि साहित्यकार माणिक मुंडे ने व्यंग्य को साहित्य की एक कठिन विधा बताया। इसलिये आजकल व्यंग्य पर बहुत कम लिखने वाले मिलते हैं। फिर भी विक्रांत की बतरस उम्मीदों पर खरी उतरने वाली पुस्तक साबित हुई है। जबकि सम्मानीय अतिथि लोकप्रिय कहानी पोर्टल व प्रकाशन संस्थान स्टोरीमिररडॉटकॉम के प्रमुख विभु दत्ता राउत ने हास्य व्यंग्य को जीवन का अंग कहते हुए राजेश विक्रांत के दूसरे व्यंग्य संग्रह को प्रकाशित करने की इच्छा दर्शाई। 
व्यंग्य पाठ में डॉ अनन्त श्रीमाली ने श्री 'साडी खरीदाय नमः', कैलाश सेंगर ने 'शवयात्रा का यूनीफार्म', डॉ राजेश्वर उनियाल ने 'व्यंग्य संचालक',  सुश्री अलका अग्रवाल सिगतिया ने 'हिंदी माता का श्राद्ध', अमर त्रिपाठी ने 'कौवो की श्रद्धांजलि सभा', शीतला पाण्डेय ने 'तालियां' व राजेश विक्रांत ने 'अपने बारे में' का पाठ किया। 
कार्यक्रम का सञ्चालन  प्रेम कुमार, आरजे ने किया जबकि आभार प्रदर्शन शत्रुघ्न प्रसाद अध्यक्ष, राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा, भारत ने किया।


4. 
संजीव निगम द्वारा छात्रों को लेखन- प्रक्रिया से संबंधित बारीकियों की  जानकारी 
सेंट पीटर्स स्कूल पंचगनी में आयोजित "अपने प्रिय लेखक से मिलिए" कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री विल्फ्रेड नरोन्हा ने बताया -'पूरी दुनिया में संवेदनहीनता का खतरा मंडरा रहा है।ऐसी स्थिति में एक रचनाकार ही लोगों में संवेदनशीलता पैदा कर सकता है।आज की नई पीढ़ी कल का भविष्य तय करेगी।इसलिए इनके लेखन को सही दिशा देना हमारी जिम्मेदारी बनती है।' कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव निगम ने छात्रों को लेखन- प्रक्रिया से संबंधित बारीकियों की विस्तार से चर्चा करते हुए बताया ' साहित्य हमें दृष्टि देता है।यही दृष्टि जीवन की तमाम समस्याओं को हल करने में सहायक होती है।एक सफल रचनाकार सहृदय पाठक भी होता है।अतः लेखन में रूचि रखने वाले छात्रों को कहानियां, कविताएं, उपन्यास आदि पढ़ते रहना चाहिए।' इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र स्वरचित गीत, कहानी, कविता और आत्मकथा पढ़कर सुनाए।प्रश्नकाल के दौरान सबकी सहभागिता कार्यक्रम की सफलता का आधार बनीं।  कार्यक्रम का आद्यंत सूत्र संचालन डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय ने किया।श्री सुनील माने ने आमन्त्रित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सर्वश्री जयवंत भिलारे, राकेश त्रिपाठी, चन्द्रवदन आढाव और राम शेलके सहित कई गणमान्य मौजूद थे।


वेबसाइट- वैश्विकहिंदी.भारत /  www.vhindi.in
-- 
वैश्विक हिंदी सम्मेलन की वैबसाइट -www.vhindi.in
'वैश्विक हिंदी सम्मेलन' फेसबुक समूह का पता-https://www.facebook.com/groups/mumbaihindisammelan/
संपर्क - vaishwikhindisammelan@gmail.com

प्रस्तुत कर्ता : संपत देवी मुरारका, विश्व वात्सल्य मंच
murarkasampatdevii@gmail.com  
लेखिका यात्रा विवरण
मीडिया प्रभारी
हैदराबाद

राष्ट्रपति और भाषायी गुलामी! -डॉ वेदप्रताप वैदिक



​

मंगलवार, 21 जून 2016

‘वृद्धावस्था विमर्श’ तथा ‘संकल्पना’ लोकार्पित










‘वृद्धावस्था विमर्श’ तथा ‘संकल्पना’ लोकार्पित

हैदराबाद, 21 जून 2016 (प्रेस विज्ञप्ति). 

साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था ‘साहित्य मंथन’  के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश हिंदी अकादमीके नामपल्ली स्थित सभाकक्ष में स्व. चंद्रमौलेश्वर प्रसाद कृत ‘वृद्धावस्था विमर्श’ तथा ऋषभदेव शर्मा और गुर्रमकोंडा नीरजा द्वारा संपादित ‘संकल्पना’ शीर्षक  दो पुस्तकों का लोकार्पण समारोह भव्यतापूर्वक संपन्न हुआ जिसमें उपस्थित विद्वानों ने हिंदी साहित्य और विमोचित पुस्तकों पर विचार व्यक्त किए.

अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय  के भारत अध्ययन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एम. वेंकटेश्वर ने समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए  निरंतर बढ़ती जा रही वृद्धों की आबादी के पुनर्वास को इक्कीसवीं शताब्दी की एक प्रमुख चुनौती बताया और विमोचित कृति ‘वृद्धावस्था  विमर्श’ को सामयिक तथा प्रासंगिक पुस्तक माना. उन्होंने अनुसंधान के स्तर की गिरावट पर चिंता जताते हुए इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि ‘संकल्पना’ में प्रकाशित ज़्यादातर शोधपत्र अभिनव, मौलिक और उच्च कोटि के हैं.

स्त्रीविमर्श की पैरोकार और  आथर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया के हैदराबाद अध्याय की संयोजक डॉ. अहिल्या मिश्र ने अध्यक्षीय भाषण में प्राचीन भारतीय समाज में वृद्धों की सम्मानजनक स्थिति की तुलना उनकी वर्तमान हीन दशा से करते हुए विश्वास प्रकट किया कि चंद्रमौलेश्वर प्रसाद की पुस्तक समाज को इस दिशा में नए चिंतन और वृद्धावस्था-नीति के निर्माण की प्रेरणा दे सकती है. दूसरी लोकार्पित पुस्तक ‘संकल्पना’ को उन्होंने शोधार्थियों और शोध निर्देशकों के लिए उपयोगी प्रतिमान की संज्ञा दी.  

‘वृद्धावस्था विमर्श’ की प्रथम प्रति स्व. चंद्रमौलेश्वर प्रसाद के पुत्र राजेश प्रसाद तथा वरिष्ठ शिक्षाविद आनंद राज वर्मा ने स्वीकार की. इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने चंद्रमौलेश्वर प्रसाद के व्यक्तिगत गुणों और साहित्यिक देन की चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने उर्दू साहित्यकारों पर केंद्रित समीक्षात्मक लेखन के अलावा विश्व साहित्य की अनेक अमर कहानियों का अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद किया था.

समारोह की समन्वयक डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा ने अतिथियों और विमोच्य कृतियों का परिचय देते हुए बताया कि ‘वृद्धावस्था विमर्श’ विश्वविख्यात अस्तित्ववादी स्त्रीविमर्शकार सिमोन द बुवा के ग्रंथ ‘द ओल्ड एज’ का हिंदी सारानुवाद है तथा ‘संकल्पना’ में दक्षिण भारत के 39 शोधार्थियों के शोधपरक आलेख सम्मिलित हैं जिनका सबंध विविध समकालीन विमर्शों से है.  डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा ने  यह जानकारी भी दी कि यथाशीघ्र चंद्रमौलेश्वर प्रसाद द्वारा अनूदित कहानियों को भी पुस्तकाकार प्रकाशित किया जाएगा और ‘संकल्पना’ की अगली कड़ी के रूप में शोधपत्रों का दूसरा संकलन ‘अन्वेषी’ शीर्षक से प्रस्तुत किया जाएगा.  

आरंभ में टी. सुभाषिणी ने सरस्वती-वंदना की और डॉ. पूर्णिमा शर्मा, वर्षा कुमारी, मोनिका शर्मा एवं वी. कृष्णा राव ने उत्तरीय प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया. संतोष विजय मुनेश्वर ने स्वागत-गीत और अर्चना पांडेय ने वर्षा-गीत सुनाकर समां बाँध दिया. संचालन डॉ. मंजु शर्मा ने किया. 

समारोह में नाट्यकर्मी विनय वर्मा, वैज्ञानिक डॉ. बुधप्रकाश सागर, राजभाषा अधिकारी लक्ष्मण शिवहरे, सामाजिक कार्यकर्ता द्वारका प्रसाद मायछ, रोहित जायसवाल, राजेंद्र परशाद, गुरु दयाल अग्रवाल, विनीता शर्मा, नरेंद्र राय, कुमार लव, संपत देवी मुरारका, डॉ. करन सिंह ऊटवाल,  डॉ. सीमा मिश्र, डॉ. बनवारी लाल मीणा, डॉ. जी. प्रवीणा, डॉ. रमा द्विवेदी, डॉ. वेमूरि हरि नारायण शर्मा, डॉ. बी. सत्य नारायण, डॉ. मिथलेश सागर, डॉ. रियाज़ अंसारी, डॉ. सुमन सिंह, डॉ. श्री ज्ञानमोटे, डॉ. महादेव एम. बासुतकर, डॉ. अर्पणा दीप्ति, डॉ. बी. बालाजी, वी. देवीधर, मोहम्मद आबिद अली,  पी. पावनी, अशोक कुमार तिवारी, पूनम जोधपुरी, भंवर लाल उपाध्याय, जी. परमेश्वर, सरिता सुराणा, सुस्मिता घोष और गौसिया सुल्ताना  सहित विविध विश्वविद्यालयों और साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े शताधिक विद्वान, लेखक, शोधार्थी और हिंदीसेवी  सम्मिलित हुए.

अंत में प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने ‘प्रेम बना रहे!’ कहते हुए आयोजन में सहयोग के लिए सबका आभार व्यक्त किया।

v  प्रस्तुति : डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, सह संपादक : ‘स्रवंति’, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, हैदराबाद -500 004 (तेलंगाना)

चित्र परिचय :
1.        ‘वृद्धावस्था विमर्श’ का लोकार्पण प्रो. एम. वेंकटेश्वर ने किया. पुस्तक की प्रथम प्रति स्वीकार करते हुए प्रो. आनंद राज वर्मा. साथ में, डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा, डॉ. अहिल्या मिश्र, राजेश प्रसाद, प्रो. ऋषभ देव शर्मा  एवं अन्य.
2.       सुधी श्रोता-समुदाय : विनीता शर्मा, डॉ. रमा द्विवेदी, मीना मुथा, नरेंद्र राय, डॉ. बी. सत्यनारायण एवं अन्य.
3.       ‘संकल्पना’ का लोकार्पण करते हुए डॉ. अहिल्या मिश्र. साथ में, डॉ. मंजु शर्मा, डॉ. एम. वेंकटेश्वर, डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा.
प्रस्तुत कर्ता : संपत देवी मुरारका, विश्व वात्सल्य मंच
murarkasampatdevii@gmail.com  
लेखिका यात्रा विवरण
मीडिया प्रभारी
हैदराबाद